जौनपुर-वाराणसी मार्ग पर मतापुर के पास रोडवेज बस से उठता धुंआ।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। स्थानीय डिपो से सवारी लेकर वाराणसी जा रही रोडवेज बस में बृहस्पतिवार की शाम मतापुर के पास अचानक आग लग गई। शार्ट-सर्किट से लगी आग देख यात्रियों में भगदड़ मच गई। चालक के बस रोकते ही यात्री बाहर निकलने लगे। संयोग रहा कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
जौनपुर डिपो की रोडवेज बस शाम करीब साढ़े पांच बजे सवारी लेकर वाराणसी के लिए रवाना हुई। बस मतापुर मोहल्ले में स्थित जिला उद्योग केंद्र के पास पहुंची थी, तभी बस के इंजन के पास से धुआं निकलने लगा। इसे देख बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। चालक ने तत्काल बस को रोक दिया। बस रूकते ही कुछ यात्री मेन गेट से तो कुछ खिड़कियों से कूदकर बाहर निकलने लगे। थोड़ी देर में ही बस में आग की लपटें उठने लगी, बस में आग लगी देख स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद पानी व बालू डालकर आग को बुझा दिया। आग बुझने के बाद रोडवेज से दूसरी बस मंगवाकर यात्रियों को रवाना किया गया। इस बाबत एआरएम विजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी, जिसे तुरंत बुझा लिया गया था। सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्हें दूसरी बस में बैठाकर आगे भेजा गया।