सोमवार को केंद्रीय परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी हेलीकाप्टर द्वारा पूर्वाह्न 11.50 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मछलीशहर बस स्टैंड पर पहुंचेंगे। दोपहर 12 से एक बजे तक फौजदार इंटर कालेज मछलीशहर में नेशनल हाइवे से संबंधित विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
इसमें 396 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित भदोही से जौनपुर 38 किमी मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 135 ए, 700 करोड़ रुपये की लागत से 48 किमी दूरी तकर भदोही-मछलीशहर एनएच 135 बी और एनएच 48 पर 128 ए जौनपुर शहर में 27 करोड़ की लागत से मेजर ब्रिज का निर्माण का शिलान्यास शामिल है।
इसके अलावा, लगभग 400-450 करोड़ रुपये का विकास कार्यों से जुड़ी योजनाओं का 109 कार्यों का शिलान्यास होना है। सीएम और केंद्रीय मंत्री दोपहर 1.05 बजे हेलीकाप्टर से मिर्जापुर के लिए प्रस्थान करेंगे। उधर, इसे लेकर प्रशासनिक स्तर से तैयारी पूरी की गई है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए ऊंची इमारतों की छतों पर सुरक्षा कर्मी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों में लगे पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र सिंह लगातार बैठक कर अधिकारियों को अपनी पोजीशन की जानकारी दे रहे थे।
अब गांवों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त होगी। इसके लिए सतत अनुश्रवण प्रणाली, जौनपुर एक ऐप तैयार किया गया है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फौजदार इंटर कालेज मछलीशहर के मैदान से 20 दिसंबर को करेंगे। इस व्यवस्था के लागू होने से जनपद के रोजाना कम से कम 300 गांवों के सफाई कार्य का ऑनलाइन और ऑफलाइन सत्यापन हो सकेगा।
सतत अनुश्रवण प्रणाली जौनपुर एक जीपीएस, कैमरा, टाइम स्टैंप आधारित एप है, जो ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड दोनों तरह से कार्य करता है। इस एप द्वारा पंचायत सहायकों, पंचायत सचिवों, कंप्यूटर ऑपेरटर, खंड प्रेरक और सफाईकर्मियों की उपस्थिति आसानी से ली जा सकती है।
इस व्यवस्था को नवचार के तहत जिले में लागू किया जा रहा है। इस एप के माध्यम से प्रतिदिन 500 गांवों की साफ-सफाई की निगरानी का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से प्रतिदिन 300 गांवों की निगरानी अनिवार्य है। इस एप के माध्यम से पंचायत सहायकों, पंचायत सचिवों, कंप्यूटर ऑपरेटर, खंड प्रेरकों का मानदेय दिया जाना प्रस्तावित है। इस व्यवस्था के लागू होने से कम समय में ही मानदेय पहुंच जाएगा, जबकि पूर्व में मानदेय देने में समय अधिक समय लगता था।