थाना क्षेत्र के पतहना गांव में ग्राम पंचायत की पहली बैठक में ही जमकर बवाल हो गया। प्रधान और विरोधी पक्ष के बीच लाठी-डंडे चले। एक-दूसरे पर कुर्सियां उछाली गईं। लोहे की राड और चेन से भी हमला हुआ। एक पक्ष ने मिर्च पाउडर फेंकने का भी आरोप लगाया है। मारपीट में प्रधान, पूर्व प्रधान समेत दोनों पक्षों से चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर जांच कर रही है।
पतहना गांव में आशा देवी प्रधान निर्वाचित हुई हैं। शपथ ग्रहण के बाद बृहस्पतिवार को प्राथमिक विद्यालय परिसर में ग्राम पंचायत की पहली बैठक थी। बैठक में प्रधान, सदस्य और ग्राम विकास अधिकारी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। प्रधान आशा देवी का आरोप है कि बैठक के दौरान ही कुछ अन्य लोग आ गए और व्यवधान उत्पन्न करने लगे। ग्राम पंचायत सचिव राम बहादुर सिंह के आपत्ति जताने पर मारपीट पर आमादा हो गए। प्रधान और सचिव के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करते हुए इन पर हमला कर दिए। हमले में आशा देवी, उनके भतीजे पवन कुमार को चोटें आईं। उधर, दूसरे पक्ष से ग्राम पंचायत सदस्य राहुल पांडेय ने तहरीर में प्रधान व पंचायत सचिव पर सदस्यों को दस्तखत के बाद मीटिंग से भगाने और विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाया है। इसमें उनके पक्ष से राजेश पांडेय पूर्व प्रधान शक्तिधर पांडेय जख्मी हुए। उपस्थित लोगों ने किसी तरह विवाद शांत कराया। इस संबंध में एसओ मनोज कुमार ने बताया कि चुनावी रंजिश में मारपीट हुई है। दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।