उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के अतरही गांव में बुधवार सुबह युवक ने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक के पिता की दस दिन पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी और वह कर्ज के तले दबा था, जिससे तनाव में था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक ने जिस असलहे से गोली मारी थी, पुलिस ने उसे भी कब्जे में ले लिया है।
अतरही गांव निवासी मोहम्मद सलीम (30) पुत्र स्व. मोहम्मद हाशिम बुधवार सुबह अपने मकान की छत पर गए। थोड़ी देर बाद ही गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़कर छत पर पहुंचे तो सलीम छटपटा रहे थे। घरवाले उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, कि उनकी मौत हो गई। सलीम किसानों से गल्ला खरीदकर बेचते थे। उनके पिता की दस दिन पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। उधर, पिता की मौत और इधर कर्ज चुकाने के दबाव से वह काफी तनाव में थे।