आदि गंगा गोमती के उफान से निचले इलाकों के लोग सहमे हुए हैं। बाढ़ की आशंका से लोगों की चिंता बढ़ गई है। शहर के निचले इलाकों में शुमार बलुआ घाट के कई घरों तक पानी पहुंच गया है। वहीं बदलापुर के आधा दर्जन से अधिक गांवों की सैकड़ों एकड़ फसलें जलमग्न हो गई हैं। कई मार्गों पर पानी भर जाने से आवागमन भी बाधित हो गया है।
पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण गोमती नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। सोमवार को जलस्तर 21 फीट के निशान पर पहुंच गया। लगातार जलस्तर में वृद्धि होने से निचले इलाकों के लोग डरे हुए हैं। शहर के गोपी घाट पर स्थित गोमतेश्वर मंदिर डूब गया है। नवदुर्गा शिव मंदिर में पानी पहुंच गया है। गोपी घाट व हनुमानघाट की सीढ़ियां भी डूब चुकी हैं। शहर के बलुआ घाट इलाके में गोमती नदी के किनारे के घरों तक पानी पहुंच गया है। डोभी व केराकत क्षेत्र में गोमती नदी के निचले इलाकों में बाढ़ आने की आशंका से लोग डरे हुए हैं। खुटहन व बदलापुर इलाकों की कई एकड़ फसलें जलमग्न हो गई हैं। पशुओं को चारे का संकट उत्पन्न हो गया है। बदलापुर व खुटहन के अहियापुर बलुआ, बड़ेरी तथा शाहपुर सानी आदि गांवों की सैकड़ों एकड़ फसल डूब गई हैं। पानी भरने से अहियापुर - गोपालापुर के मध्य का रास्ता भी बंद हो गया है। वहीं घनश्यामपुर - अहियापुर- शाहपुर व सानी - महमदपुर गुलरा मार्ग तक भी पानी पहुंच गया है।