जलालपुर थाना क्षेत्र के हौज मुरारपुर गांव में बुधवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर चौहान व यादव बस्ती के लोगों के बीच मारपीट हो गई। इसमें छह लोग घायल हो गए। मौके पर केराकत, जफराबाद व जलालपुर की पुलिस ने पहुंचकर हालात पर किसी तरह काबू पाया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भेजा गया है।
हौज मुरारपुर निवासी रूद्र प्रताप चौहान की लड़की की शादी 21 नवंबर को थी। उसमें आर्केस्ट्रा चल रहा था। इसी बीच आर्केस्ट्रा देखने आए दूसरे गांव कादीपुर शघंईपुर के कुछ युवकों से हौज मुरारपुर गांव के यादव बिरादरी के लोगों से विवाद हो गया था। उस समय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला खत्म करा दिया था। इसी विवाद को लेकर बुधवार की देर शाम सिरकोनी की ओर बाइक से जा रहे कादीपुर शंघईपुर निवासी शिवपूजन चौहान व रोहित चौहान को हौज मुरारपुर यादव बस्ती के कुछ लोग रोककर मार पीट शुरू कर दिया। इसमें कादीपुर शंघईपुर निवासी शिवपूजन चौहान व रोहित सहित यादव बस्ती के पप्पू, मनीष, जगपत तथा अमन घायल हो गए। पप्पू यादव ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया की पुरानी रंजिश को लेकर बस्ती में चढ़ आए तथा घर में घुसकर मारपीट की। इस दौरान कई घरों का टीन शेड और बाइक तोड़कर छतिग्रस्त कर दिया। थाना प्रभारी अमरेंद्र पांडे ने बताया की 112 नंबर पुलिस की सूचना पर केराकत, जलालपुर व जफराबाद थाने की फोर्स को मौके पर बुलाया गया, तब जाकर हालात पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि घायल लोगों को उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।