क्षेत्र के करौर गांव के काश्तकार की भूमि का फर्जी बैनामा के मामले में बुधवार को मछलीशहर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस ने पीडि़त की ओर से दी गई तहरीर के बाद की है। पुलिस फर्जी बैनामे में शामिल लोगों की तलाश में जुटी है।
करौर गांव के राधेश्याम पांडेय की जमीन को 25 अक्टूबर को मछलीशहर तहसील में फर्जी बैनामा करा लिया गया था, जिसकी सूचना नोटिस एक दिसंबर को मिलने पर राधेश्याम पांडेय को मिली तो हतप्रभ रह गए। उन्होंने 2 दिसंबर को तहसील में जाकर पता किया तो पता चला की किसी राधेश्याम नाम के फर्जी व्यक्ति ने इस भूमि को रावती चंद निवासी हाऊसपोखरा जफराबाद को बैनामा कर दिया, जिसके बाद पीडि़त राधेश्याम पांडेय ने तुरंत आपत्ति दाखिल करते हुए रजिस्ट्री की नकल निकालने का प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर उनको तीन दिसंबर को रजिस्ट्री की नकल मिली। वे सात दिसंबर को मछलीशहर कोतवाली में सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने क्रेता रावती चंद पुत्र राजाराम निवासी हौज पोखरा जफराबाद, लेखक केशव प्रसाद सिंह तहसील मछलीशहर, गवाह राकेश सिंह पुत्र कृष्ण चंद सिंह निवासी ठाणे महाराष्ट्र व गवाह राम जतन पुत्र महादेव निवासी चौरा संतदास सिकरारा सहित वकील कमलेश कुमार तहसील मछलीशहर, खाताधारक धीरेंद्र कुमार निवासी अहमदपुर मुंगराबादशाहपुर व फर्जी विक्रेता राधेश्याम पुत्र राजाराम निवासी अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।