केराकत। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पड़ोस का एक युवक इंटरमीडिएट की छात्रा को प्रेमजाल में फंसा कर भगा ले गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस भी सक्रिय हुई हालांकि तीन दिन बाद प्रेमी खुद ही लड़की को लेकर लौट आया। रविवार को दोनों के परिजनों ने चौकी में ही पंचायत की।
पुलिस के अनुसार पंचायत में सामने आया कि युवक ने लड़की के 30 हजार रुपये के गहने बेच दिए और पैसों का दुरुपयोग कर दिया। इस पर दोनों पक्षों के पंचों और पुलिसकर्मियों ने फैसला सुनाया कि युवक को चार महीने के अंदर लड़की के बैंक खाते में 60 हजार रुपये जमा करने होंगे। इसके बाद ही अगली पंचायत में यह तय किया जाएगा कि दोनों की शादी कराई जाएगी या नहीं। पंचायत में लड़की के परिजन ने युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी नीयत पर सवाल उठाए। युवक के परिजनों ने शादी कराने की इच्छा जताई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाते हुए मामले को शांत कराया और चार महीने में शर्त पूरी करने का निर्देश दिए। केराकत कोतवाल अवनीश कुमार राय ने बताया लड़की को पुलिस ने बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। शादी का फैसला दोनों के परिजनों को करना है। दोनों बालिग हैं।