बदलापुर। सरोखनपुर रामजानकी मंदिर के पास विधायक रमेशचंद्र मिश्र ने बृहस्पतिवार को 707.84 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित फायर स्टेशन और 554.60 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित रोडवेज का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा के लिए मिली यह सौगात यहां की सबसे बड़ी जरूरत है।
उन्होंने कहा कि आज का दिन बदलापुर के लिए ऐतिहासिक पल है। दोनों परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को क्षेत्रीय जनता की ओर से उन्होंने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फायर स्टेशन बनने से अब स्थानीय स्तर पर आग बुझाने की सुविधा मिल रही है। इससे क्षेत्र के लोगों को भारी मदद मिलेगी। बस डिपो की स्थापना होने से स्थानीय लोगों को आवागमन की जहां सुविधा मिलेगी, वहीं लोगों को रोजगार का भी अवसर मिलेगा। विधायक मिश्र ने 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधा दर्जन इंटरलाकिंग सड़कों का भी लोकार्पण किया। संचालन शिक्षक केशव सिंह तथा अध्यक्षता पूर्व ब्लाक प्रमुख ओमप्रकाश सिंह ने किया। इस मौके पर सल्तनत बहादुर स्नातकोतर पीजी कॉलेज के प्रबंधक विनोद कुमार सिंह, तहसील उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह शक्ति, विधायक प्रतिनिधि गंगा प्रसाद सिंह आदि मौजूद रहे।