जौनपुर। कोरोना का टीका लगवाने का इंतजार कर रहे बुजुर्गों को अब थोड़ी और राहत मिलेगी। 12 मार्च से शहर के राजकीय लीलावती महिला अस्पताल में भी प्रत्येक कार्य दिवस पर टीकाकरण होगा। अभी तक यह सुविधा सिर्फ जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल में ही थी। साठ वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों के अलावा गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोग भी टीका लगवा सकेंगे।
सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र या कोमार्विड रोगी अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच कर टीकाकरण अवश्य करवाएं। बिना पंजीकरण कराए भी टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्रों पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मी तुरंत उनका पंजीकरण कर टीका लगाने की प्रक्रिया शुरू कर देंगे। राजकीय लीलावती महिला चिकित्सालय में रविवार को छोड़ शेष सभी दिन टीकाकरण की सुविधा मिलेगी। जबकि पहले यह सुविधा जिला महिला चिकित्सालय तथा जिला चिकित्सालय में ही थी। सीएचसी के लिए टीकाकरण दिवस पर 600 लोगों का टीकाकरण कराने का लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। हर आशा, संगिनी, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए अपने-अपने क्षेत्र से 20-20 वरिष्ठ नागरिकों को अपने नजदीकी स्वास्थ्य इकाई पर बुलाने की जिम्मेदारी दी गई है। पहले आओ, पहले लगवाओ की सुविधा मिलेगी। कोमार्विड रोगियों के लिए अपनी बीमारी का सर्टीफिकेट और पहचान पत्र लेकर टीकाकरण स्थल पर जाना होगा। इस चरण के टीकाकरण के लिए हर लाभार्थी को अपना आईडी जैसे आधार कार्ड, वोटर कार्ड आदि टीकाकरण स्थल पर लेकर जाना जरूरी है।