डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के कोइलारी गांव के युवक की उसके साथियों ने शनिवार की शाम शराब पिलाई गला रेतकर हत्या कर दी। शव चंदवक थानेके तरांव गांव में नहर के किनारे गाड़ दिया। हत्या के दूसरे दिन मृतक के मोबाइल से ही उसके पिता को फोन कर तीन लाख रुपये फिरौती मांगी थी। पुलिस ने सर्विलांस के जरिए एक आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोइलारी निवासी सुरेंद्र प्रताप सिंह बिट्टू (24) पुत्र अजय कुमार सिंह शनिवार की शाम को बाइक से गेहूं लेकर पिसवाने गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने फोन मिलाया लेकिन उसका फोन स्विच आफ था। परिवारवाले उसकी तलाश कर रहे थे कि रविवार को सुबह सुरेंद्र के मोबाइल से किसी ने उसके पिता अजय को फोन करके कहा कि उनका बेटा उसके कब्जे में हैं। तीन लाख रुपये नहीं देंगे तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। अजय सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से छानबीन कर अमरौना गांव निवासी सोनम राजभर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने घटना का खुलासा कर दिया और उसकी निशानदेही पर तरांव गांव में नहर किनारे दफनाया गया शव बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी सोनम राजभर ने बताया कि दिलीप राजभर, कोइलारी गांव निवासी चंदन सिंह उर्फ रवि व सुरेंद्र घनिष्ठ मित्र थे। घटना वाले दिन वह चंदन सिंह, दिलीप राजभर के साथ तरांव गांव के घुट्टा पुरवा में अपनी बहन की पाही पर था। वहीं से फोन करके चंदन ने सुरेंद्र को बुलाया। उसे साथ लेकर करहट पुरवे में नहर किनारे गए। वहां पहले उसे शराब पिलाई और फिर गमछे से गला कसकर मार डाला। बाद में नहर के किनारे उसका शव गाड़ने ले गए। गाड़ने से पहले चंदन को शक हुआ कि वह जिंदा है तो उसने उसका गला भी रेत दिया था। दूसरे दिन रवि ने ही सुरेंद्र के फोन से उसके पिता को फोन कर फिरौती में तीन लाख रुपये की मांग की। सीओ केराकत अजय कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि मृतक की बाइक आजमगढ़ के लालगंज इलाके में दिलीप राजभर की ससुराल से बरामद की गई है। हत्या का असली कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। अन्य दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।