सर्प दंश की घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं। सोमवार की रात अलग-अलग स्थानों पर चार लोगों की मौत हो गई। इसके पहले भी जिले में सर्प दंश से मौत की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
महराजगंज थाना क्षेत्र के गोठवा गांव निवासी मुनील गौतम (24) रात में घर में बेड पर सोए हुए थे। परिवार के लोगों के मुताबिक भोर में करीब चार बजे उन्हें सर्प ने डंस लिया। मंगलवार को सुबह होते-होते मुनील की हालत बिगड़ने लगी तो स्वजन उन्हें झाड़-फूंक के लिए ले गए। हालत में कोई सुधार नहीं होने पर जिला चिकित्सालय ले आए। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के परौवा गांव में ननिहाल आई प्रीति गौड़ (20) पुत्री जगदीश निवासी बरदह, आजमगढ़ की सर्प दंश से मौत हो गई। वह सोमवार की रात घर में खाना बना रही थीं। जब परिजनों को इस बात की जानकारी हुई तो वह उन्हें जिला अस्पताल ले जाने के लिए निकले। इस बीच रास्ते में उनकी मौत हो गई।
डोभी के चंदवक थाना क्षेत्र के मुकुरीपुर गांव निवासी रामप्यारे मौर्या की पत्नी पुनीता देवी (35) सोमवार देर रात घर में ही दूसरी जगह से सब्जी लेने गई थीं। जहां उन्हें सर्प ने डंस लिया। जानकारी होते ही परिवार के लोग उन्हें लेकर आनन-फानन में आजमगढ़ के लालगंज स्थित सरकारी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची चंदवक थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुजानगंज क्षेत्र के छदान गांव में राजन पटेल (10) पुत्र राकेश कुमार पटेल मंगलवार को अपने घर के बगल खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घास फूस की तरफ चला गया। जहां सांप ने डंस लिया। राजन के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन दौड़े। देखा सर्प ने डंस लिया। जिसके बाद आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।