जौनपुर। मुंबई से आया एक और शख्स कोरोना पॉजीटिव मिला है। बारह दिन पहले वह गांव आया था, तब से वह गांव में ही क्वारंटीन में रह रहा था। तीन दिन पहले उसका सैंपल जांच को भेजा गया, जिसकी रिपोर्ट बृहस्पतिवार को आई। उसे एंबुलेंस से वाराणसी के पं. दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय भेज दिया गया है। जिले में अब कोरोना मामलों की संख्या 14 हो गई है, जिसमें 8 उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।
बरसछी के हरद्वारी गांव निवासी एक व्यक्ति 29 अप्रैल को मुंबई से चलकर दो मई को गांव आया था। इसके बाद से ही वह गांव में रह रहा था। करीब दस दिन बाद 11 मई को ग्रामीणों के माध्यम से जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य टीम गांव पहुंची। सैंपल लेकर जांच को भेजा गया था। बृहस्पतिवार की शाम आई रिपोर्ट में उसमें कोरोना पॉजीटिव की पुष्टि हुई। रिपोर्ट आने के बाद विभाग उसकी ट्रैवल हिस्ट्री खंगालने में जुट गया है। मरीज को वाराणसी भेज दिया गया है। उसके संपर्क में आए अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। बता दें कि पिछले चार दिनों में पांच नए मरीज सामने आए हैं। सभी अलग-अलग तिथियों में मुंबई से लौटे हैं। जिले में कोरोना मरीजों की बढ़ी संख्या से प्रशासन की पेशानी पर बल पड़ने लगा है।