एसटीपी के प्रोजेक्ट मैनेजर के अपहरण व रंगदारी मांगने के मामले में पिछले तीन माह से जिला जेल में बंद पूर्व सांसद धनंजय सिंह की फेसबुक पोस्ट ने हड़कंप मचा दिया है। उनके फेसबुक पेज पर सोमवार को की गई पोस्ट में कोरोना से मृत प्रतापगढ़ के इंस्पेक्टर के परिवार की मदद के लिए एक लाख रुपये देने की सूचना दी गई है। साथ ही दूसरों को भी मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया गया है।
धनंजय की इस दरियादिली की जहां चर्चा है तो वहीं दूसरी ओर जेल के अंदर से फेसबुक चलाने को लेकर खलबली भी मच गई है। हालांकि जेल प्रशासन ने फिलहाल इस मामले की जानकारी से इंकार किया है। जेलर का कहना है कि वह इसकी जांच कराएंगे। धनंजय सिंह को दस मई की रात शहर के कालीकुत्ती स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया था। अगले दिन उन्हें जेल भेज दिया गया। तब से ही वह जेल में बंद हैं।