जौनपुर के डोभी के पूर्व ब्लाक प्रमुख शिव शंकर यादव को चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर चंदौली के मुगलसराय के एक कोयला व्यवसायी का 58 लाख रुपये गबन करने का आरोप है।
मुगलसराय के एक कोयला व्यवसायी ने वहां की कोतवाली पुलिस को जनवरी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि डोभी के पूर्व ब्लाक प्रमुख शिव शंकर यादव ने उनका 58 लाख रुपये बकाया किया है। वह रुपये देने में आनाकानी कर रहे हैं।
दबाव बनाने पर उन्होंने 55 लाख का चेक दिया लेकिन वह भी फर्जी निकल गया। कोयला व्यवसायी के तहरीर देने के 5 माह बाद वारंट जारी कर पुलिस ने पूर्व ब्लाक प्रमुख की गिरफ्तारी की है । शिव शंकर यादव को करीब 3 माह पहले अविश्वास प्रस्ताव के जरिए ब्लॉक प्रमुख पद से हटाया जा चुका है।
एसपी सिटी डॉक्टर संजय कुमार का कहना है कि मुगलसराय कोतवाली पुलिस शनिवार की शाम को चंदवक से पूर्व ब्लाक प्रमुख शिव शंकर यादव के खिलाफ वारंट लेकर आई थी और उन्हें यहां से गिरफ्तार कर ले गई थी। लेकिन उनकी गिरफ्तारी किस मामले में हुई है, यह जानकारी जिले की पुलिस को नहीं बताया गया है।