जौनपुर। विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत उड़न दस्ता की टीम ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस और उड़नदस्ता टीम ने चार थाना क्षेत्रों से कुल 10 लाख 28 हजार दो सौ 90 रुपये बरामद किया गया। मालूम हो कि विधानसभा चुनाव के चलते आदर्श आचार संहिता लागू की गई है। साथ ही इस दौरान बिना प्रमाणपत्र के 50 हजार रुपये से अधिक ले जाने वालों के रुपये जब्त किए जा रहे हैं।
सरायख्वाजा पुलिस और उड़नदस्ता टीम ने चेकिंग के दौरान कुत्तुपुर एक लाख 41 हजार रुपये जब्त किया। यह रुपये किशन विक्रम पुत्र राजीव विक्रम निवासी ग्राम छतईकला थाना शाहगंज के पास से बैग में मिला है। इसी तरह, सरपतहां थाना क्षेत्र की पुलिस और उड़नदस्ता टीम द्वारा पट्टीनरेन्द्रपुर चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाया गया। जहां से आदर्श आचार संहिता के नियमों के विपरीत शिवम सिंह पुत्र रमेश सिंह निवासी भटौली थाना सरपतहां के पास से एक लाख रुपये की बरामदगी की गई। मछलीशहर पुलिस और उड़नदस्ता टीम द्वारा पाण्डेय ढाबा मछलीशहर के पास चेकिंग की गई। जहां से बिंदेश्वरी तिवारी पुत्र हरिवंश तिवारी निवासी ग्राम महापुर पोस्ट वामी थाना पवारा के पास से कुल 3 लाख 79 हजार 910 रुपये की बरामदगी की गई। वहीं, खेतासराय पुलिस और उड़नदस्ता टीम द्वारा खेतासराय में चेकिंग की गई। इस दौरान रोहित राजभर पुत्र किशनलाल राजभर ग्राम बीरी सम्सुद्दीनपुर थाना खुटहन के पास से 4 लाख 70 हजार रुपये की बरामदगी की गई।
जनपद की सीमा वाले क्षेत्रों में 63 स्थानों पर लगाए जाएंगे बैरियर
जौनपुर। पुलिस प्रशासन पूरी तरह चुनाव को लेकर अलर्ट है। सीमावर्ती 63 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। आजमगढ़ और प्रतापगढ़ की सीमा पर संयुक्त निगरानी की जाएगी। इसके अलावा, 27 स्थानों पर नाका बनाकर पिकेट ड्यूटी लगाई जाएगी। सुजानगंज थाना क्षेत्र में प्रतापगढ़ की सीमा पर स्थित अंतिम गांव कुंदहां और खेतासराय थाना क्षेत्र में आजमगढ़ की सीमा पर बसे आखिरी गांव भदैला में दोनों जनपदों का ज्वाइंट बार्डर बनाकर संयुक्त निगरानी की जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सीमावर्ती जिलों से कोई अवांछित व्यक्ति जिले में घुसपैठ न करने पाए। संवेदनशील सीमावर्ती इलाकों में पुलिस कर्मियों के साथ ही जरूरत महसूस होने पर पैरामिलिट्री के जवान भी तैनात किए जाएंगे।