घायल का इलाज करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार को सुबह मामला फिर बिगड़ गया। आरोपी रामहित के भाई रामजस के मकान में देसी शराब की दुकान खोलने पहुंचे गद्दीदार को देख बस्ती के लोग भड़क गए। ठेके के पास पहुंची भीड़ ने दुकान के पीछे बने अर्धनिर्मित ढांचे में तोड़फोड़ की और मड़हे को आग के हवाले कर दिया।
आगजनी की सूचना पर सीओ सिटी आयुष श्रीवास्तव और प्रभारी निरीक्षक जफराबाद जय प्रकाश यादव मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक भीड़ वहां से जा चुकी थी। सोमवार को पूरे दिन बशीरपुर गांव की दोनों बस्तियों में पुलिस और अधिकारियों का गश्त जारी रहा। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- जाैनपुर में तड़तड़ाईं गोलियां, भीम आर्मी के जिला सचिव समेत दो भाईयों को मारी गोली; धारदार हथियार से हमला
प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि सोमवार को जांच के दौरान लाइसेंसी रिवाल्वर और भारी मात्रा में खोखा बरामद किया गया। गोलीकांड के पांच आरोपियों में से तीन आरोपी रामहित निषाद व उनके पुत्र अविनाश निषाद तथा भतीजे पंकज उर्फ रिंकू निषाद को जफराबाद रेलवे क्राॅसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। शेष दो आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। रविवार को घटना के बाद पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
दुकान में की गई तोड़फोड़।
- फोटो : अमर उजाला
सिरकोनी के बसीरपुर गांव में हुए गोलीकांड को लेकर जहां पीड़ित पक्ष आरोप लगा रहा कि घटना में प्रधान पक्ष के मनबढ़ लोगों ने आवास सर्वे से नाराज होकर मनीष के साथ गाली गलौज तथा मारपीट की थी। विरोध करने पर प्रधान के परिवार ने बीडीसी सदस्य मनीष तथा सूरज को गोली मारी थी।
राजन को धारदार हथियार से मारकर घायल कर दिया था। वहीं, कुछ लोगों ने बताया कि जब गांव में मनीष तथा प्रधान के परिवार के रामहित से कहासुनी होने लगी तब किसी ने पुलिस को सूचना दे दी थी। पुलिस के दो सिपाही रामहित के मकान के पास पहुंच गए थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद गोलियां भी चलाई गईं। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई।