खरैयामऊ गांव में पिटाई से घायल ग्राम प्रधान का सी एच सी में हो रहा उपचार। स्राेत-संवाद
मछलीशहर। ब्लाॅक के खरैयामऊ गांव में निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवन का काम रोकने गए गांव के ही मनबढ़ चार लोगों ने मंगलवार की शाम ग्राम प्रधान की पिटाई कर दी। घायल ग्राम प्रधान को नगर स्थित सीएचसी में लाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ग्राम प्रधान रमेशचंद्र कन्नौजिया अन्नपूर्णा भवन की छत ढलवाने के लिए मौके पर किसी से मिलने गए थे। वहां गांव के ही चंद्रबली यादव और उनके भतीजे भी पहुंच गए। निर्माणाधीन भवन की भूमि को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध कर रहे चंद्रबली और उनके भतीजे ने ग्राम प्रधान की पिटाई कर दी। लहूलुहान ग्राम प्रधान जब गिर पड़े तो वे लोग मौके से भाग गए। घायल ग्राम प्रधान को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मछलीशहर कोतवाली प्रभारी विनीत राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।