जौनपुर। फाइलेरिया से छुटकारा दिलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग जिले में 22 नवंबर से सात दिसंबर से मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कार्यक्रम चलाएगा। अभियान के दौरान घर-घर दवा खिलाई जाएगी। साथ ही मच्छर से फैलने वाली इस बीमारी से बचाव के लिए सभी को जागरूक किया जाएगा। दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं व बीमार ेलोगों को दवा नहीं दी जाएगी।
शनिवार के पत्रकारों से बातचीत के दौरान सीएमओ डा. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि दो सदस्यी टीम हर दिन 125 लोगों के घर जाकर दवा खिलाएगी अभियान सप्ताह में चार दिन सोमवार, मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार को सुबह 11 से चार बजे तक चलेगा। दो दिन कार्यो की समीक्षा की जाएगी।
जिला मलेरिया अधिकारी डा. बीपी सिंह ने बताया कि 2 से 5 वर्ष तक के बच्चों को डीइसी की 100 मिली ग्राम यानी एक गोली और एलबेंडाजाल की 400 मिली ग्राम यानी एक गोली दी जाएगी। 5 से 15 वर्ष की उम्र के लोगों को डीईसी की 200 मिली ग्राम यानी दो गोली व एलबेंडाजाल की 400 मिली ग्राम यानी एक गोली, 15 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को डीईसी की 300 मिली ग्राम यानी तीन गोली और एलबेंडाजाल की एक गोली दी जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए कुल 3840 टीमों का गठन किया गया है। हर टीम में दो सदस्य शामिल होंगे। निगरानी के लिए 640 पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। जो जिले के लक्षित 48 लाख लोगों को घर-घर जाकर अपने सामने दवा खिलाएंगे। शासन स्तर से डीईसी की 1 करोड़ 25 लाख 77 हजार 350 और एलबेंडाजाल की 50 लाख 3 हजार 940 गोलियां उपलब्ध हैं।