लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कुत्तूपुर गांव में रविवार की रात करीब नौ बजे दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष के राजाराम यादव (70) के दोनों पैर व कमर में गंभीर चोटें लगी हैं। उन्हें जिला अस्पताल मे भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देख वाराणसी रेफर कर दिया गया। परिजन गोली लगने की बात कह रहे थे। हालांकि चिकित्सक इस बात से इनकार कर रहे थे।
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्रा ने गोली चलने की घटना से इंकार किया। कहा कि मारपीट हुई है। इस मामले की छानबीन की जा रही है। उधर, बक्शा थानाक्षेत्र के गोविंदपुर गांव में रविवार को रास्ते में गाय बांधने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मारपीट की इस घटना में रामआसरे और उनकी पत्नी रीता प्रजापति घायल हो गईं। पुलिस ने मेडिकल करवाकर दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।