करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पदुमपुर गांव में रविवार की शाम करीब पांच बजे दो युवकों में मारपीट के दौरान एक पक्ष से फायरिंग की गई। पायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। घायल युवक की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर छानबीन कर रही है। पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है।
पदुंपुर गांव निवासी अंकुर मौर्य और नीरज मौर्य के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। दोनों के बीच तीन दिन पहले भी विवाद हुआ था। उसी विवाद को लेकर रविवार को दोनों पक्षों में कहासनी के दौरान मारपीट हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि मारपीट के दौरान एक पक्ष से फायरिंग की गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में दहशत फैल गई। पिटाई से घायल अंकुर मौर्य को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंकुर की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि वह ग्राम पंचायत का चुनाव लडने की तैयारी कर रहा है जबकि उसके विपक्षी नीरज मौर्य किसी और को चुनाव लड़ाना चाहते हैं। इसी बात को लेकर तीन दिन पहले काहासुनी हुई थी। अंकुर का कहना है कि वह अपने दरवाजे पर मौजूद था उसी दौरान नीरज कई लोगों के साथ उसके घर पर पहुंचे और मारपीट करने लगे। जिससे उसको चोट आई है। जबकि गांव के लोगों की माने तो मारपीट के दौरान एक पक्ष से अधिक लोग थे। दूसरे पक्ष ने अपने बचाव में फायरिंग की थी। गोली का आवाज सुनते ही मारीट करने वाले भाग गए। थानाध्यक्ष सरायख्वाजा सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि मारपीट हुई है। फायरिंग जैसी कोई बात नहीं हुई है। पिटाई से घायल अंकुर मौर्य की तहरीर पर नीरज के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है।