सदर विधायक व उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव बृहस्पतिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री का जौनपुर के प्रयागीपुर केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति दिलाने के लिए जौनपुर की जनता की तरफ से आभार प्रकट किया।
इस दौरान खेल मंत्री ने गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर गांव के 16 वर्षीय ताईक्वांडो खिलाड़ी अनुराग यादव की हत्या के बारे में भी मुख्यमंत्री से चर्चा की। खेल मंत्री ने बताया कि कि बीते 30 अक्तूबर को अनुराग की गला काट कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। उन्होंने अनुराग यादव के परिजनों को एवं शाहगंज के लपरी गांव के मृतक सत्यम बिंद के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का अनुरोध किया। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आश्वस्त किया कि बहुत जल्द ही मृतक के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की जाएगी।