जौनपुर। शासन की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे व शहरी क्षेत्र में 24 घंटे बिजली देने का निर्देश है लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में 9 घंटे व शहर में 18 घंटे ही आपूर्ति की जा रही है।
गर्मी की दस्तक शुरू हो गई है। रातों में मच्छरों के प्रकोप से लोगों की नींद उड़ गई। दिन में बिजली गुल रहने से व्यापारी और किसान दोनों परेशान हैं। जनपद के शहरी क्षेत्रों में रात में 12 बजे से करीब 3 बजे व सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक कटौती चल रही है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उधर, फसलों की सिंचाई भी प्रभावित हो रही है।
...............................
केस -1-
मड़ियाहूं नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में 12 से 14 घंटे विद्युत आपूर्ति हो रही है। लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती से लोग परेशान हैं। लोग रतजगा कर रहे हैं। मच्छरों से बचने के लिए लोग हाथ के पंखों का सहारा ले रहे हैं। इनवर्टर भी जवाब दे जा रहे हैं।
.............................................
केस-2-
कबीरुद्दीनपुर विद्युत उपकेंद्र से पतहना, औरही, गिरधरपुर, काफरपुर समेत अन्य गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। महज 11 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। इसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
....................................
केस-3-
मुफ्तीगंज क्षेत्र में रात दिन मिलाकर 12 घंटे ही बिजली रहती है। दिन में ज्यादा कटौती होती है। इससे आम जनता को तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस समय गेहूं की फसल को सिंचाई की अधिक आवश्यकता है। समय से पानी न मिलने से फसल का उत्पादन घट सकता है क्योंकि गेहूं की बालियों में दूध पड़ते समय नमी जरूरी है।
.........................................
केस-4-
विद्युत उपकेंद्र कबिरुद्दीनपुर फीडर से 18 घंटे बिजली देने का शेड्यूल है जबकि इस समय धर्मापुर क्षेत्र में केवल 8 से 9 घंटे ही बिजली मिल रही है। इसके अलावा रामपुर नगर पंचायत में 22 घंटे के बदले महज 12 घंटे बिजली की सप्लाई हो रही है।
.............................
वर्जन-
जिले में रोस्टर के अनुसार बिजली की आपूर्ति की जा रही है। कहीं यदि असमय बिजली की ट्रिपिंग हो रही है तो किसी फाॅल्ट के कारण यह समस्या उत्पन्न हो सकती है। शिकायत मिलने पर इसे ठीक कराया जाएगा।
-आरपी सिंह अधीक्षण अभियंता सर्किल द्वितीय, जौनपुर ।
000