जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता मंगलवार को विवि के एकलव्य स्टेडियम में शुरू हुई। प्रतियोगिता का उद्घाटन कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने गुब्बारा छोड़कर और खिलाडि़यों का परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने मुंबई विश्वविद्यालय को 65 रनों से पराजित किया।
पहला मैच एकलव्य स्टेडियम में पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर और मुंबई यूनिवर्सिटी के बीच खेला गया। मुंबई यूनिवर्सिटी की टीम ने टास जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों 4 विकेट के नुकसान पर 127 रन का स्कोर खड़ा किया। इसमें शोभा कुमारी ने सर्वाधिक 65 एवं नीतू गौंड 25 रनों का योगदान दिया। जवाब में मुंबई यूनिवर्सिटी की टीम ने 14.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 62 रन ही बना सकी। इसमें मानसी पाटिल का सर्वाधिक 23 रनों का योगदान रहा। दूसरा मैच इंदिर गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक हरियाणा और महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी कोट्टयम केरलके बीच खेला गया। महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी कोट्टयम की टीम ने टास जीतकर पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया। महात्मा गॉधी यूनिवर्सिटी कोट्टयम केरलकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों 7 विकेट के नुकसान पर 89 रन बनाया। इसमें जीश्ना जोरेश का सर्वाधिक 21 एवं सुरभ्या ने 20 रनों का योगदान रहा। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक हरियाणा को 90 रन का लक्ष्य मिला। जवाब में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की टीम ने 19.2 ओवर में 7 विकेट खोकर निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। इसमें शीतल का सर्वाधिक 28 रनों का योगदान रहा। इसके पहले कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। विशिष्ट अतिथि वित्त अधिकारी संजय कुमार राय, कुलसचिव महेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह, सहायक कुलसचिव बबिता सिंह, दीपक कुमार सिंह, डा. रामाश्रय शर्मा, संयुक्त सचिव खेलकूद परिषद डा. विजय प्रताप तिवारी, पर्यवेक्षक डा. नूर मोहम्मद मौजूद रहे। कुलसचिव महेंद्र कुमार खिलाडि़यों, टीम मैनेजर एवं कोच का स्वागत किया। प्रतियोगिता में खेल भावना से खेलने तथा अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए शुभकामना दी।