सिकरारा। स्थानीय थाना क्षेत्र के सतलपुर गांव में क्वारंटीन में रखे गए लोगों की जांच के लिए शनिवार को दोपहर गांव में पहुंचे चिकित्सक को मनबढ़ों ने बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चिकित्सक को मुक्त कराया। आरोपी को हवालात में डाल दिया।
सीएचसी चांदपुर के चिकित्सक डॉ. रवि निषाद शनिवार को अपनी टीम के साथ सतलपुर गांव में क्वारंटीन में रखे गए लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए गए थे। गांव के राम इकबाल यादव चिकित्सक रवि निषाद से इस बात पर उलझ गए कि गांव में जितने परदेशी आये है सभी को गांव से बाहर क्वारंटीन में भेजा जाए। यही नहीं उन्हेंने कहा कि जबतक इन लोगों को गांव से बाहर नहीं भेजा जाता जब तक वह डाक्टर को जाने नहीं देंगे। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पर उप निरीक्षक अटलबिहारी मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस को देख आरोपी भागने लगा। पुलिस ने उसे दौड़ाया तो वह पास के एक घर मे छिप गया। जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। सीएचसी के अधीक्षक डॉ तरुण कुमार सिंह ने इस घटना लिखित तहरीर पुलिस को दी है। इंस्पेक्टर वीपी सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।