जौनपुर। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने शनिवार को रुहट्टा के शांतिनगर मोहल्ले का भ्रमण किया था। वहां गंदगी और अव्यवस्था की भरमार मिली। शहर की सड़कों पर तो नियमित सफाई हो रही है, लेकिन मोहल्लों व गलियों की सुध नहीं ली जा रही। इस पर नाराज डीएम ने नगर पालिका के जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगाई थी। डीएम के निर्देश के बाद भी मोहल्लों में सफाई व्यवस्था सुचारु नहीं हो पाई है।
कोरोना काल में सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसको लेकर सरकार व जिला प्रशासन दोनों गंभीर हैं, लेकिन इसके लिए जिम्मेदार नगर पालिका प्रशासन पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सवा तीन लाख की आबादी वाले शहर से प्रतिदिन 97 टन कूड़ा निकलता है। कूड़ा निकलने का यह हाल तब है, जब मोहल्लों की सफाई रोज नहीं हो रही है। कारण, सफाई के लिए मोहल्लेवार सफाई कर्मियों की तैनाती है, लेकिन वे भी मोहल्लों की बजाय सिर्फ सड़कों व प्रमुख बाजारों को चमकाने में जुटे रहते हैं। इसके चलते मतापुर, मियांपुर, सब्जी मंडी, हुसेनाबाद, तारापुर कालोनी, मंडी नसीब खां, चाचकपुर, सिपाह सहित करीब सभी मोहल्लों में गंदगी का अंबार लगा रहता है। मोहल्लेवासी सभासद सहित ईओ व चेयरमैन से शिकायत करते रहते हैं, लेकिन इन लोगों के कान पर जूं तक नहीं रेंगता है। जिससे मोहल्लों में नियुक्त सफाई कर्मी कभी एक सप्ताह पर तो कभी एक पखवाड़ा बाद सफाई कर देता है। इसके चलते मोहल्लों में कूड़े के ढेर लग जाते हैं। इससे मोहल्लेवासियों को परेशान का सामना करना पड़ता है। उनको आने जाने में भी दिक्कत होती है। वहीं संक्रामक बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है।
---
कूड़ा निस्तारण प्लांट चालू होने के बावजूद मोहल्लों में गंदगी
जौनपुर। शहर के कचरे का निस्तारण करने के लिए कुल्हनामऊ में सालिड वेस्ड मैनेजमेंट प्लांट पिछले माह से चालू हो गया है। इसके बाद भी मोहल्लों में सफाई नहीं होने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सिर्फ सड़कों व प्रमुख बाजारों में व्याप्त कूड़ा ही निस्तारित करने के लिए प्लांट में भेजा जा रहा है।
---
वर्जन...
वार्डवार गलियों व नालियों की सफाई के लिए टीम गठित कर दी गई है। जिसकी मानिटरिंग के लिए सुपरवाइजर सहित अन्य कर्मचारी तैनात किए गए हैं। जिनको रोज फोटो के साथ रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद भी जांच के दौरान अगर गंदगी मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - संतोष कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद