जौनपुर। संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकातयों के त्वरित निस्तारण के लिए डीएम ने मंगलवार को खुद नजीर पेश की। बक्शा के बरपुर गांव के बाबूराम की शिकायत दूर कराने वह एसपी के साथ समाधान दिवस से ही सीधे मौके पर पहुंच गए। बाबूराम पड़ोसी नवीन पर अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगा रहे थे। डीएम ने मौके पर पहुंच दोनों पक्षों को बुलाया और हिदायत दी कि जब तक विवाद खत्म नहीं होता वह मारपीट न करें और न ही किसी तरह का निर्माण होगा। तहसीलदार को इसमें जांच के लिए निर्देशित किया।
सदर तहसील में फरियाद सुन रहे डीएम ने सभी अफसरों को संपूर्ण समाधान दिवस के प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए निस्तारण का निर्देश दिया। कहा कि कोई भी मामला बेवजह लंबित न छोड़ें। यहां कुल 90 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें से 07 का मौके पर निस्तारण किया गया। इस मौके पर एसपी राजकरन नय्यर, एसडीएम नितीश कुमार, तहसीलदार ज्ञानेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। मछलीशहर: संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम अंजनी कुमार सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनकर निस्तारित किया। कुल 98 मामले आए, जिसमें 11 का निस्तारण हो पाया। इस अवसर पर एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह, नायब तहसीलदार मीना गौंड आदि उपस्थित रहे। बदलापुर: एसडीएम कौशलेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में कुल 77 प्रार्थना पत्र आए। मौके पर 12 का निस्तारण हुआ। तहसीलदार अजय पांडेय, ईओ डॉ. महेंद्र आदि मौजूद रहे। मड़ियाहूं: एसडीएम संजय मिश्रा को 132 लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र दिया। इसमें से 6 का मौके पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर ईओ संजय कुमार आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। केराकत: एसडीएम चंद्रप्रकाश पाठक के समक्ष 118 लोगों ने समस्याओं का निस्तारण करने के लिए प्रार्थना पत्र सौंपा। मौके पर पांच प्रार्थना पत्रों को निस्तारण कर दिया गया। शाहगंज: सीडीओ अनुपम शुक्ला ने लोगों की समस्याएं सुनकर निसतारित किया। इस दौरान कुल 100 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें से 15 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया जा सका। शेष को संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए भेज दिया गया। इस मौके पर एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, तहसीलदार अभिषेक राय, ईओ दिनेश यादव आदि अधिकारी मौजूद रहे।
आबादी की भूमि पर कब्जे की नियत से तीन माह पहले पड़ोसी ने मेरे गाय को रस्सी खोलकर भगा दिया है। नाद भी उठाकर फेंक दिया है। विरोध करने पर अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी है। इसकी शिकायत एसओ व एसपी से लेकर एसडीएम से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब डीएम से गुहार लगाने आई हूं। -रागिनी प्रजापति, बरचौली।
चकमार्ग व नाली की भूमि को दबंगों ने अपने खेत में मिला कर कब्जा कर लिया है। इसकी पैमाइश कराने के लिए कई बार प्रार्थना पत्र एसडीएम व तहसीलदार को सौंपा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस बार डीएम को प्रार्थना पत्र देने के लिए खड़ा हूं, जिसमें चकमार्ग व नाली के भूमि से अतिक्रमण हटाने का गुहार लगाउंगा। -सत्यनारायन, खोरवां।
लगभग आठ बार मनरेगा योजना की मजदूरी का पैसा पाने के लिए फरियाद कर चुके हैं, लेकिन अभी तक बकाया मजदूरी का पैसा नहीं मिल पाया है, जबकि 6884 रुपये मजदूरी बकाया है। जिम्मेदार अब कह रहे हैं कि आपने काम ही नहीं किया है। -कल्लन, जमुहार विशुनपुर।
भूमि की पैमाइश के लिए पांच बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, यहां तक की पैमाइस के लिए तिथि भी तय नहीं हो हो सकी है। मंगलवार को फिर पैमाइश के लिए प्रार्थना पत्र लेकर खड़े हुए हैं। -रामजीत, मेंहदी
राशन कार्ड में गलत नाम सही करवाने के लिए पाँचवी बार लाइन में लगी हैं। राशन कार्ड में मेरे नाम के स्थान पर निशा देवी अंकित है, जिससे कोटेदार राशन नहीं दे रहा है, लेकिन प्रार्थना पत्र देने के बाद भी नाम सही नहीं हुआ। -चनरा देवी, हिसामुद्दीनपुर।
अपनी भूमि पर घर बनवा रहे थे। मेरे भूमि को ग्राम सभा की जमीन बताकर निर्माण कार्य रोकवा दिया गया है,अब पैमाइश कर ग्राम सभा की भूमि अलग करवाने के लिए परेशान हैं। पांचवी बार लाइन में खड़े हैं, देखिए इस बार क्या होता है। -मुन्नीलाल, जमुहर।