महराजगंज में थाना दिवस के मौके पर पहुंचे फरियादी। संवाद
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। जिले के सभी थाना परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में भीषण गर्मी पड़ने के बावजूद फरियादियों की भीड़ लगी रही। इस दौरान सबसे अधिक मामले भूमि विवाद से संबंधित आए, जिसमें अधिकांश मामलों का निस्तारण नहीं हो पाया। इससे फरियादियों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।
गौराबादशाहपुर थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में भूमि विवाद से संबंधित कुल पांच प्रार्थना पत्र आए, जिसमें दो मामले राजस्व टीम और पुलिस बल मौके पर जाकर मामले का निस्तारण किया। तीन प्रार्थना पत्र निस्तारित करने के लिए राजस्व टीम को निस्तारित करने के लिए दिया गया। मछलीशहर उपजिलाधिकारी ज्योति सिंह ने मछलीशहर कोतवाली में समस्याएं सुनीं। इस दौरान आए 14 प्रार्थना पत्रों में से एक का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्र संबंधित लेखपाल और पुलिस को सौंप दिया गया है। बदलापुर कोतवाली परिसर में शनिवार को आयोजित थाना दिवस में आए आठ प्रार्थना पत्रों में से 2 का मौके पर निस्तारण हुआ। शेष छह मामलों को निस्तारित करने के लिए राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा गया। सुरेरी थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में आए आठ मामलों मेें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। नेवढि़या थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में डिप्टी कलेक्टर ललित कुमार व एएसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने समस्याएं सुनकर निस्तारित किया। इस दौरान आए 20 प्रार्थना पत्रों में से 4 का निस्तारण कर दिया गया। शेष 16 प्रार्थनापत्र के निस्तारण के लिए राजस्व विभाग की टीम को दे दिया गया। खेतासराय थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में कुल आए 7 प्रार्थना पत्रों में से 2 का निस्तारण हुआ। शेष पांच प्रार्थना पत्र पुलिस और राजस्व टीम को निस्तारण के लिए सौंप दिया गया। महराजगंज थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में आए 19 प्रार्थना पत्रों में से दो का मौके पर निस्तारण हुआ। मीरगंज थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में आए 10 मामलों में से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया।
केराकत कोतवाली परिसर में उपजिलाधिकारी राजेश चौरसिया की अध्यक्षता में थाना दिवस आयोजित किया गया। थाना दिवस के दौरान 23 फरियादियों ने पहुंच प्रार्थना पत्र दिए। मौके पर 3 प्रार्थना पत्र का निस्तारण किया गया ज्यादातर मामले राजस्व विभाग से जुड़े हुए थे। शेष बचे हुए प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारी और कर्मचारी को निर्देशित कर जल्द ही शिकायत पत्रों का निस्तारण करने की बात को कही। इस अवसर पर क्राइम इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह समेत राजस्व की टीम मौजूद रही।