जौनपुर। उदयपुर में हत्याकांड के विरोध में बृहस्पतिवार को जनपद में कई स्थानों पर प्रदर्शन रहा। इस दौरान पूरे दिन प्रदर्शन को लेकर पुलिस अलर्ट रही. वहीं, कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस से नोंकझोंक भी हुई।
सुबह से ही हिंदू संगठन द्वारा पुतला फूंकने की सूचना प्रशासन को लग गई थी। पुलिस ने प्रमुख चौराहों पर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए थे। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत वाजिदपुर तिराहे के पास बजरंग दल के कार्यकर्ता जुटने लगे। कार्यकर्ताओं को जुटता देख मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल, सीओ सिटी जितेंद्र कुमार दुबे समेत कई थानों की पुलिस पहुंच गई। इस दौरान सीओ और लाइन बाजार थानाध्यक्ष ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से बातचीत करने की कोशिश की। प्रशासन की नजर से बचकर बजरंग दल के कार्यकर्ता पुतला फूंकना चाहते थे। पुतला फूंकने के लिए काफी देर तक लुकाछिपी का खेल चलता रहा। प्रशासन ने एहतियात के चलते प्रमुख चौराहों और चौराहों पर भारी पुलिस बल को तैनात किया है। मडि़याहूं में बजरंग दल के जिला संयोजक आशुतोष सिंह के नेतृत्व में गांधी तिराहे पर प्रदर्शन किया। बदलापुर में इंदिरा चौक पर थाना बदलापुर, सिंगरामऊ, महराजगंज एवं पीएसी पुलिस के अलावा एसडीएम डा. प्रदीप, सीओ शुभम तोदी मौजूद थे। इसके बावजूद भी विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आतंकवाद का पुतला फूंक ही दिया। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष रामसहाय पांडेय व विभाग मंत्री महेंद्र शुक्ल, बजरंग दल के जिला सहसंयोजक सत्या शुक्ला, लालमनि पांडेय, रवींद्र मिश्र, अमिताभ मिश्रा, अंबुज सिंह, राकेश, कृष्ण चंद्र उपाध्याय, बबलू पांडेय, रमापति उपाध्याय, गोलू शुक्ल, आशीष मिश्र, दीपक, अनिल, सत्यम तिवारी आदि उपस्थित रहे। मछलीशहर में नगर के सराय मोहल्ले से लेकर तहसील कार्यालय तक कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए बजरंग दल के जिला संयोजक राजेश उमर के नेतृत्व में जुलूस निकाला। खुटहन में विहिप व बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने तिघरा बाजार के तिराहे पर जिहादियों का पुतला फूंकने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम और सीओ को ज्ञापन सौंप आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।