जफराबाद। क्षेत्र के नवगठित नगर पंचायत कजगांव का कार्यालय माधोपट्टी गांव में बनाए जाने के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि जब नए नगर पंचायत के रूप में कजगांव का गठन किया गया है तो उसका कार्यालय भी उसी बाजार के आसपास बनाया जाना चाहिए। सोमवार को भारी संख्या में लोग अस्थाई कार्यालय पर पहुंच कर विरोध जताया और प्रदर्शन किया।
नव सृजित नगर पंचायत कजगांव के गठन के बाद काम चलाने के लिए अस्थायी कार्यालय कजगांव के मुख्य बाजार में स्थित पानी टंकी परिसर में बनवा दिया गया था। उसको कैंप कार्यालय के नाम से चलाया जा रहा है। शासन की ओर से एक करोड़ 25 लाख रुपये नगर पंचायत कार्यालय के लिए स्वीकृत कर दिया। कार्यालय को माधोपट्टी गांव में बनाए जाने के लिए भूमि भी चिह्नित कर ली गई है। नींव खुदाई का काम शुरू हो गया। इसे देखकर अन्य मोहल्ले के लोग भारी संख्या में कैंप कार्यालय के गेट के पास जमा हो गए। लोगों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि कजगांव नगर पंचायत के मुख्य बाजार में जो कि पुरे नगर पंचायत का मध्य है। उसमें ही नगर पंचायत के कार्यालय का कार्यालय बनाया जाए। इससे सभी को कार्यालय का लाभ मिल सके। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने लोगों को शांत कराया। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रहे हैं। प्रभारी ईओ कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि प्रदर्शन की सूचना और उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों को बता दिया गया है। प्रदर्शन करने वालों में रामजीत, ताजुद्दीन अंसारी, गोपाल शर्मा, कल्लू मौर्य, शुभम मौर्य, विपिन शर्मा, विवेक मौर्य, देवी, प्रमिला, नगीना, लालती आदि मौजूद रही।