मुंगराबादशाहपुर। कस्बे में बन रहे बाईपास का निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग को लेकर समाजसेवी जज सिंह अन्ना के नेतृत्व में स्टेशन गेट के सामने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई।
धरना प्रदर्शन शुरू होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जज सिंह अन्ना और उनके समर्थकों को स्टेशन परिसर में जाने से रोक दिया। नाराज़ अन्ना स्टेशन के गेट के सामने ही अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। एसडीएम मछलीशहर राजेश कुमार चौरसिया ने अन्ना से बातचीत की। अन्ना ने कहा कि क्षेत्रीय जनता रेलवे फाटक पर लग रहे जाम से परेशान है। सरकार में बैठे लोगों को इसकी परवाह तक नही है।
कहा कि कोदहू इंटहरा बाईपास का निर्माण शीघ्र शुरू कराया जाए, साथ ही साथ गोरैयाडीह में रेलवे ओवरब्रिज बनाया जाए। नीलांचल एक्सप्रेस व अर्चना एक्सप्रेस का ठहराव स्टेशन पर किया जाए। जज सिंह अन्ना ने ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम राजेश कुमार चौरसिया को ज्ञापन सौंपा । धरना दो घंटे तक चला। इस दौरान सुशील पांडेय, आरती शुक्ला, कृपा शंकर उपाध्याय, देवराज पांडेय आदि मौजूद रहे।