खुटहन। पिलकिछा गांव के खोभरिया मजरे में सोमवार को सुनसान स्थान पर महुआ के पेड़ से फंदे के सहारे झूलते शव को देखकर सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे स्वजन शव को फंदे से उतारकर घर ले गए। बगैर पुलिस को सूचित किए शव का अंतिम संस्कार पिलकिछा घाट पर कर दिया गया।
पिलकिछा गांव निवासी सुरेंद्र यादव का बेटा सूरज (19) सुबह शौच के लिए घर से निकला था। काफी देर हो जाने के बाद भी जब वापस नहीं लौटा तो स्वजन उसकी तलाश शुरू कर दिए। घर से लगभग चार सौ मीटर दूर सुनसान स्थान पर महुआ के पेड़ से फंदे पर झूलते उसके शव को देखकर चीख पुकार मच गई। आनन फानन में फंदा काट शव नीचे उतार घर लाया गया। जहां पहुंचे एक चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बगैर पुलिस को सूचित किए शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष राणा प्रताप यादव ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।