पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है
- फोटो : फाइल फोटो
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बंजारेपुर गांव में बीती रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। उसका शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटकता मिला। मायके वालों ने दहेज में दो लाख रुपये न देने पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है।
वाराणसी के चोलापुर थाना अंतर्गत दानगंज गांव निवासी सुलेखा मौर्या (24) की शादी बंजारेपुर गांव निवासी सचिन मौर्य से लगभग आठ माह पूर्व हुई थी। रविवार की रात खाना खाने के बाद सुलेखा कमरे में गई। कुछ देर बाद परिजन वहां पहुंचे तो उसका शव फंदे से लटक रहा था।
शव को नीचे उतारते हुए पुलिस और मायके वालों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। देर रात मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। सुलेखा के पिता महेंद्र मौर्य का आरोप है कि ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये नकदी की मांग कर रहे थे।