सिकरारा। थाना क्षेत्र के मलसिल गांव में शनिवार को बगीचे में आम के पेड़ से व्यक्ति का शव लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में ले लिया है। परिजनों के मुताबिक वह कुछ दिनों से मानसिक रूप से बीमार चल रहे थे। आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
गांव के किनारे बगीचे में शनिवार को ग्रामीण टहलने पहुंचे तो वहां आम के पेड़ पर गांव के ही साहब लाल (49) का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना पाकर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को उतरवाकर पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मृतक के पुत्र प्रिंस उर्फ बाबुल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि पिता पिछले 15-20 दिनों से मानसिक रूप से परेशान थे। शुक्रवार की रात वह घर में सोए थे, मगर सुबह बिस्तर पर नहीं मिले। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।