गौराबादशाहपुर में छात्र की हत्या के बाद सड़क जाम करते लोग।
ग्रामोदय इंटर कॉलेज में शनिवार को छात्रों ने आपसी विवाद में पीट-पीटकर एक छात्र की हत्या कर दी। इससे गुस्साए घर वाले और ग्रामीणों ने गौराबादशाहपुर बाजार में शव रखकर जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर एसपी और अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे और समझा-बुझाकर आधे घंटे में जाम समाप्त करवाया।
पुलिस ने इस मामले में दो नामजद समेत पांच छात्रों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई। बंजारेपुर गांव निवासी राशिद अंसारी का पुत्र अल्तमस (14) ग्रामोदय इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था।
बताया जा रहा कि उसी कक्षा के दूसरे सेक्शन में पढ़ने वाले छात्रों से उसका किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।पहले भी उनके बीच हाथापाई हुई थी। शनिवार को अल्तमस कक्षा में मौजूद था, तभी चार-पांच छात्र आए और उसकी पिटाई शुरू कर दी। वह अचेत हो गया तो आरोपी फरार हो गए। शोर सुनकर शिक्षक पहुंचे।
प्रधानाचार्य विनोद राय ने आनन-फानन में जीप से अल्तमस को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शिक्षक छात्र का शव लेकर उसके घर पहुंचे तो खलबली मच गई। आक्रोशित घरवाले सैकड़ों ग्रामीणों के साथ शव लेकर गौराबादशाहपुर बाजार पहुंचे और जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग जाम कर दिया।
सूचना मिलते ही चंदवक, लाइन बाजार, और नगर कोतवाली की फोर्स पहुंच गई। एसपी सिटी रामजी सिंह यादव, सीओ राजकुमार पांडेय ने समझा-बुझाकर आधे घंटे बाद जाम समाप्त करवाया। राशिद अंसारी की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। एसपी अतुल सक्सेना ने भी स्थिति का जायजा लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया।