सरपतहा थाना क्षेत्र के गंगौली गांव में बुधवार की रात चोरों ने तीन घरों से नकदी, जेवरात समेत पांच लाख से अधिक का माल पार कर दिया। मो. खलील के घर के पीछे की दीवाल के सहारे चोर आंगन में उतरे। परिवार के सदस्य जिस कमरे में सो रहे थे उसका दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।
दूसरे कमरे में रखी आलमारी, अटैची और बाक्स तोड़कर सोने का कंगन, झुमका, चेन, नथिया, मांग टीका, अंगूठी पायल, पायजेब, कीमती कपडे़, 20 हजार नकदी समेत अन्य कीमती सामान उठा ले गए।
इसी गांव के जुबेर खान के घर में खिड़की के सहारे घुसकर चोरों ने अटैची मे रखा झाला अंगूठी, चेन, पायल, पांच हजार नकदी समेत लाखों का माल पार कर दिया। इसी गांव के रऊफ खान के घर में छत के रास्ते घुसकर चोरों ने जिस कमरे में परिवार के सदस्य सो रहे थे उसे बाहर से बंद कर दिया।
दूसरे कमरे में रखी आलमारी तोड़कर नकदी, कपड़े और जेवरात समेत अन्य सामान पार कर दिया। सुबह परिवार के लोगों की नींद टूटी तो वे बाहर निकलने के लिए वे दरवाजा खोलना चाहे तो दरवाजा बाहर से बंद था। शोर मचाया तो पड़ोस के लोगों ने पहुंचकर दरवाजा खोला।
परिवार के लोग बाहर निकले तो दूसरे कमरे का नजारा देख हैरान हो उठे। कमरे में रखा सारा कीमती माल गायब था। टूटी अटैची कागजात आदि घर से दूर खेत में बिखरा पड़ा था। तीनों घरों से पांच लाख से अधिक का सामान चोर उठा ले गए। सुबह तीनों पीड़ित परिवारों ने पुलिस को तहरीर दी है।