गोली से घायल व्यक्ति का जिला अस्पताल में किया जा रहा उपचार।
- फोटो : jounpur
थाना क्षेत्र के बढ़ौना गांव में मकान के बेदखल करने को लेकर हुए विवाद में रविवार को एक युवक को गोली मारी गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे वाराणसी के बीएचयू में भर्ती कराया गया है। फायरिंग के बाद भाग रहा आरोपी फौजी रास्ते में वाहन से भिड़कर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने खोखा, कारतूस और दो नाली बंदूक बरामद किया है। पुलिस ने पिता पुत्र के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।
बढ़ौना गांव निवासी रामप्रकाश यादव, सत्य प्रकाश यादव और उनके मृत हो चुके भाई ओमप्रकाश व जयप्रकाश के परिवार के बीच मकान का विवाद लंबे समय से चल रहा है। श्रीनगर में आरपीएफ में तैनात जवान रामप्रकाश यादव एक माह की छुट्टी पर शनिवार को घर आया था। रविवार को सुबह सात बजे उसी मकान में रहनेवाली दूसरे नंबर के भाई स्वर्गीय जयप्रकाश की बहू इंदु देवी पत्नी प्रशांत से मकान में हिस्सेदारी को लेकर उसका विवाद हो गया।
आरोप है कि फौजी ने यह कहकर इंदु के कमरे से उसका सामान निकाल कर बाहर फेंकने लगा कि जबतक मकान निर्माण का आधा खर्च वह नहीं देगी तब तक उसे इस मकान में रहने नहीं दिया जाएगा। इसी दौरान पड़ोस में दूसरे मकान में रहने वाले उसके बढ़े भाई स्वर्गीय ओमप्रकाश के तीनो बेटे दिव्य ज्योति, नवज्योति व अमर ज्योति उर्फ पिंटू भी मौके पर पहुँच गए और सामान निकालने का विरोध करने लगे।
इस पर फौजी उनसे भी उलझ गया। दोनों पक्षो में जमकर मारपीट होने लगी ।
आरोप है कि इसी बीच फौजी के बेटे ने लाइसेंसी दोनाली बन्दूक से फायरिंग कर दी। गोली अमर ज्योति उर्फ पिंटू के कंधे के पास लग गई। गोली लगते ही अफरातफरी मच गई। फौजी और उसका बेटा मौके से भागने लगे। भागते समय फौजी सड़क पर वाहन से टकरा गया। जिससे उसका पैर टूट गया। किसी ने 100 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां गोली से घायल अमरज्योंति को डाक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके से आठ जिंदा कारतूस, चार खोखा, दो नाली बंदूक बरामद किया है। इन्दू देवी पत्नी प्रशांत यादव की तहरीर पर पुलिस ने राम प्रकाश व उसके पुत्र दीपांकंज उर्फ शीबू के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।