मुंगराबादशाहपुर थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच की साझा टीम ने सराफा कारोबारी से लूट के तीन आरोपियों को सोमवार की शाम को इटहरा गांव के पास से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 510 ग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 15 लाख है। लूट की साजिश सराफा कारोबारी के यहां काम करने वाले नौकर ने ही रची थी।
घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की पुलिस अभी तलाश कर रही है। इलाहाबाद के सराफा कारोबारी सुनील कुमार वर्मा 21 फरवरी को मुंगराबादशाहपुर से वापस इलाहाबाद लौट रहे थे तभी पुरऊपुर के पास दो बाइक पर सवार चार
बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी स्कूटी रोक ली और उनके पास से पांच लाख नकदी समेत 20 लाख का सोना और स्कूटी लूटकर फरार हो गए। स्कूटी सात किलोमीटर दूर तरहटी गांव के पास बदमाश लावारिस हालत में छोड़कर फरार
हो गए थे। घटना के खुलासे के लिए एसओ मुंगराबादशाहपुर रवींद्र श्रीवास्तव, क्राइम ब्रांच के प्रभारी शिवशंकर सिंह, थानाध्यक्ष जलालपुर अनिल सिंह और थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर विश्वनाथ यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
मंगलवार को पुलिस लाइन में प्रेस कांफ्रेंस में घटना का खुलासा करते हुए एसपी रामप्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से सोमवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के इटहरा
गांव के पास से तीन बदमाशों को दबोच लिया। उनके पास लूटे गए 510 ग्राम सोना, एक पिस्टल, कारतूस, एक बाइक और 8950 रुपये नकद बरामद किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आनंद वर्मा निवासी दुलहीपुर
मुगलसराय चंदौली, मोनू सेठ और सोनू जायसवाल निवासी हबीपुरा थाना चेतगंज वाराणसी शामिल हैं। आनंद वर्मा सराफा कारोबारी के यहां नौकरी करता था। उसी ने साजिश रचकर लुटेरों के साथ घटना को अंजाम दिया था।
इस मामले में शामिल चेतगंज वाराणसी निवासी सुभाष और रवि पंडित निवासी चेतगंज वाराणसी की पुलिस को तलाश है। एसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये नगद देकर पुरस्कृत किया।