केराकत के सरायवीरू गांव में बुधवार की रात इसी मड़हे में सोते समय वृद्ध की हुई हत्या।
स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सरायबीरू गांव के मड़ैया पुरवा में बुधवार की रात घर के बाहर मड़हे में सो रहे वृद्ध की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सूचना पर गुरुवार को सुबह डागस्क्वायड भी पहुंचा, पुलिस ने भी छानबीन की, लेकिन हत्यारों के बारे में कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की बहू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सरायबीरू गांव के मड़ैया पुरवा निवासी राजनाथ यादव (60) बुधवार की रात घर के बाहर मड़हे में अपने पांच साल के पौत्र अंश के साथ सोये थे। देर रात को पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने गला रेतकर राजनाथ की हत्या कर दी।
उसी मड़हे में बकरी भी बंधी हुई थी। बकरी देर रात को चिल्लाने लगी। जिससे घर में सो रही राजनाथ की बहू उर्मिला की नींद टूट गई। बकरी देर तक चिल्लाती रही और राजनाथ की कोई आवाज नहीं आ रही थी। इससे हैरान होकर उर्मिला घर से बाहर निकली और टार्च लेकर मड़हे में गई।
वहां बिस्तर पर लहूलुहान पड़े राजनाथ को देख वह चीख पड़ी। शोर सुनकर गांव के लोग भी पहुंच गए। रात में ही मौके पर भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना केराकत पुलिस को दी। सूचना पाते ही कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार शुक्ल, सीओ अमित कुमार राय हमराहियों के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए।
सुबह डागस्क्वायड भी पहुंचा। लेकिन हत्यारों का कोई सुराग नहीं नहीं लग सका। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की बहू उर्मिला देवी पत्नी अशोक यादव की तहरीर पर केराकत कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।