ट्रक लूट में शामिल सात अंतरजनपदीय लुटेरे।
- फोटो : jaunpur
पुलिस और क्राइम ब्रांच की साझा टीम ने गुरुवार देर शाम खेतासराय थाना क्षेत्र के उसरहटा रेलवे क्रासिंग के पास घेरेबंदी कर अंतर जनपदीय सात लुटेरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक, मार्शल जीप बरामद किया है। पकड़े गए बदमाशों ने जिले में लूट और गोली मारने की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
एसपी शैलेंद्र कुमार पांडेय ने शुक्रवार पुुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को शाहगंज, खेतासराय, महराजगंज, सिकरारास बदलापुर थाने के प्रभारी और स्वाट टीम के प्रभारी शाहगंज इलाके में मौजूद थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश उसरहटा रेलवे क्रासिंग के पास मौजूद हैं वे लूट की किसी घटना को अंजाम देने के लिए योजना बना रहे हैं।
पुलिस टीम वहां पहुंचीऔर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया और भागने लगे। जवाबी कार्यवाही में पुलिस ने घेरेबंदी करते हुए सात बदमाशों को पकड़ लिया। एसपी ने बताया कि लुटेरों का यह गैंग योजना बनाकर ट्रक चालकों, राहगीरों से लूटपाट करता है। बदमाशों ने जिले में लूट की कई घटनाओं को अंजाम देने स्वीकार किया।
गिरफ्तार लुटेरों में राहुल सिंह, निवासी कुकुहां थाना गौराबादशाहपुर; अजय निषाद उर्फ जस्टिस निवासी मोथहां थाना जफराबाद; नागेन्द्र निषाद निवासी शेखपुर थाना लाइन बाजार; अंकित विश्वकर्मा निवसी मियांपुर थाना लाइन बाजार; राजेन्द्र राजभर निवासी कुकुहां थाना गौराबादशाहपुर; राजीव राजभर निवसी कुकुहां थाना गौराबादशाहपुर श्रवण तिवारी निवासी छिणवांभादी थाना शाहगंज शामिल हैं। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार लुटेरों के खिलाफ जौनपुर और आजमगढ़ के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास का केस दर्ज है।