सिविल लाइंस का मामला, रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी
सिविल लाइंस थाने के एक गांव में खेत पर घास लेने गईं दो किशोरियों को गांव के ही दो युवकों ने बंधक बना लिया। किशोरियों से छेड़छाड़ के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी गई है। एनसीआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस मामला मारपीट का मान रही है। जबकि किशोरियों के परिवार वाले मामले को लेकर शनिवार को एसएसपी से मिलने की बात कह रहे हैं।
सिविल लाइंस थाने के एक गांव की 14 और 16 साल की दो किशोरियों गुरुवार शाम खेत पर घास लेने गईं थीं। आरोप है कि गांव के ही साजन और सत्यवीर नाम के दो युवकों ने इनको वहां बंधक बना लिया। दोनों से छेड़छाड़ की और इनको खींचकर एक खेत में ले गए। कुछ दूरी पर गांव की ही एक अन्य 11 साल की किशोरी घास काट रही थी। दोनों युवकों की नजर इस किशोरी पर नहीं पड़ी। 11 साल की किशोरी ने दोनों युवकों को ऐसा करते हुए देख लिया। उसने खेतों में काम कर रहे लोगों को बताया। गांव के लोगों ने घेराव किया तो ये युवक यहां से भाग गए। शाम को किशोरियों को लेकर इनके परिवार वाले चौकी पहुंचे। यहां से सभी को सिविल लाइंस थाने लाया गया। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई। पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर ली है। किशोरियों के परिवार वालों का कहना है कि पुलिस ने मनमानी रिपोर्ट दर्ज की है। शनिवार को वे इस मामले में एसएसपी से मिलकर शिकायत करेंगे।
--
जांच में पता लगा है कि मामला दो पक्षों के बीच मारपीट का है। जो तहरीर दी गई थी उसके आधार पर एनसीआर दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।
-राजीव कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस