ताड़ी के नशे में धुत युवक ने और पीने की जिद पूरी न करने पर गुरुवार को दोस्त की जान ले ली। मारपीट के दौरान आपे से बाहर हुए युवक ने गला दबाकर दोस्त को मौत की नींद सुला दी।
इससे हड़कंप मच गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के चिरैयामोड़ रेलवे क्रासिंग के समीप हुई।
शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के ताखा पूरब गांव निवासी अजीत पासवान (23) पुत्र गिरजाशंकर पासवान ट्रैक्टर चलाता था। बृहस्पतिवार को शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपने गांव के ही मित्र के साथ ताड़ी पीने जोगीबाग गया था।
बताते हैं कि ताड़ी पीने के बाद दोनों चिरैयामोड़ रेलवे क्रासिंग के समीप स्थित दुकान पर पहुंचे और वहां अंडा खाया। इसके बाद नशे में धुत हो चुके अजीत के दोस्त चंचल यादव ने कहा कि वह और ताड़ी पीना चाहता है।
चलकर ताड़ी पिलाओ। अजीत ने पैसे न होने की बात कहकर ताड़ी पिलाने से इनकार किया। इसके बाद दोनों दोस्तों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। थोड़ी ही देर में मारपीट होने लगी।
बताया जाता है कि इस दौरान दोस्त ने अजीत का गला पकड़कर जोर से दबा दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। इसके बाद घटनास्थल पर अफरातफरी की स्थिति बन गई।
जानकारी मिलने के बाद शाहगंज सीओ मायाराम वर्मा, कोतवाल आरके अग्निहोत्री, एसआई दुर्गाशंकर यादव पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और कोतवाली ले गई। समाचार दिए जाने तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।