रामपुर थाना क्षेत्र के देवनाथपुर पचौली गांव में भूमि विवाद को लेकर गुरुवार की रात लाठी डंडे से हमला कर एक वृद्ध की हत्या कर दी गई जबकि एक तीन माह की बच्ची समेत चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल बच्ची को जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर गांव में तनाव है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
गांव निवासी सुरेन्द्र प्रजापति और हरीलाल बाबा प्रजापति के बीच आबादी की भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद को लेकर गुरूवार की शाम को भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। शाम को करीब सात बजे सुरेंद्र के परिवार के लोग दरवाजे पर अलाव ताप रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी डंडे से उनपर हमला कर दिया। जिसमें बंशराज प्रजापति (60), सुरेंद्र प्रजापति (45), जगरावती देवी (50), अनीता देवी (40) और उसकी तीन माह की दुधमुंही बच्ची विट्टू घायल हो गई। अनीता अपनी दुधमुंही बच्ची को गोद में लेकर अलाव ताप रहा थी। हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा। 100 नंबर पर दी गई।पुलिस पहुंची तो हमलावर फरार हो गए।
पुलिस ने सभी घायलो को रामपुर सीएचसी पहुंचाया जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बंशराज की मौत हो गई। तीन माह की बच्ची बिट्टू की हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे बीएचयू रेफर कर दिया।
पुलिस ने मृतक के पुत्र सुरेंद्र की तहरीर पर छह नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ मारपीट, बलवा और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष एमपी सिंह का कहना है कि सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है। उधर संबंध में सीओ मड़ियाहूं गुलाम ताहिर ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई है।