सुरेरी थाना क्षेत्र के ऊगापुर गांव से सोमवार से लापता संतलाल पटेल (42) की बरामदगी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को पहले सुरेरी थाने का घेराव किया और थाने के पास रामपुर-कठवतिया मार्ग जाम कर दिया। क्षेत्राधिकारी के समझाने-बुझाने पर सात घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
ऊगापुर गांव निवासी संतलाल पटेल सोमवार की शाम अपने साथी के साथ घर से निकला था। शाम तक वह लौटकर नहीं आया तो परिवारीजनों को चिंता हुई। काफी खोजबीन की गई लेकिन पता नहीं चला। परिवार के लोग उसके उस साथी से भी मिले जिसके साथ वह घर से निकला था लेकिन उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बुधवार को इस मामले में तहरीर दी गई थी लेकिन पुलिस ने संतलाल का पता नहीं लगाया। पुलिस की उदासीनता से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को सुबह सात बजे ही ग्राम प्रधान के नेतृत्व में सुरेरी थाना का घेराव किया। यहां से लोगों की भीड़ रामपुर-कठवतिया मार्ग पर आ गई। जहां लोगों ने सड़क को जाम कर दिया। लोगों के गुस्से को देखते हुए सर्किल के सभी थानों की फोर्स और पीएसी भी बुला ली गई। पुलिस ने जाम समाप्त करवाने के लिए काफी प्रयास किया लेकिन लोग एक भी सनने को तैयार नहीं रहे। जाम के चलते सड़क पर दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोग मार्ग बदल कर अतिरिक्त दूरी तय कर अपने गंतव्य को जाने को विवश हुए। करीब सात घंटे बाद मौके पर पहुंचे सीओ मडियाहूं रामभवन यादव ने दो दिन की मोहलत मांगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस दो दिन में संतलाल का पता लगा लेगी। मौजूद समाज सेवी डॉ. आर एस पटेल ने भी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया तो लोगों ने जाम समाप्त किया।