गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गोमती नदी के धर्मापुर घाट पर महिला से छेड़खानी का विरोध करने पर युवक की हत्या कर दी गई। उसकी लाश शुक्रवार को नदी के किनारे मिली।
मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद समेत चार के खिलाफ हत्या और छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दो युवक अपनी बुआ को आजमगढ़ से लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। गुरुवार की शाम को वे धर्मापुर घाट पर नाव से नदी पार कर रहे थे तभी कुछ मनबढ़ युवकों ने महिला से छेड़खानी कर दी।
भतीजों ने बुआ से छेड़खानी का विरोध किया तो मनबढ़ युवक मारपीट पर आमादा हो गए। इस दौरान एक भतीजा बुआ को लेकर घर चला आया और दूसरा वहीं पर रुक गया।
घर पहुंचने पर उसने परिवार वालों को घटना की जानकारी दी तो गांव के लोग भी घाट पर पहुंच गए। नदी पार करके लोग जब निषाद बस्ती पहुंचे तो वहां का माहौल खराब हो गया।
बस्ती के अन्य लोग भी मारपीट शुरू कर दिए। खुद को कमजोर देख लोग नदी में तैरकर दूसरे छोर पर पहुंच गए। गांव निवासी चंदन मौर्या (20) तैरना नहीं जानता था। निषाद बस्ती के लोगों ने उसे पकड़ लिया।
गांव के लोग घर पहुंचे तो चंदन की खोजबीन शुरू हुई। उसका पता नहीं चला तो लोगों ने पहले नदी घाट पर जाकर उसकी खोजबीन की।
लोगों को लगा कि चंदन तैरना नहीं जानता था इस नाते निषाद बस्ती के लोगों ने उसे बंधक बना लिया होगा। वे सभी विवाद से बचने के लिए सीधे गौराबादशाहपुर थाने पहुंच गए।
वहां घटना की जानकारी देते हुए युवक की जान बचाने की गुहार लगाई। पुलिस ने उन्हें डांटकर थाने से भगा दिया। मायूस होकर लोग घर आए और जफराबाद थाने पर जाकर सूचना दी।
वहां से भी कोई मदद नहीं मिली। सुबह गांव के चरवाहे नदी के किनारे मवेशियों को चरा रहे थे। तभी देखा कि नदी के दूसरे छोर से कुछ लोग जाल में कुछ लपेट कर नाव से दूसरे किनारे पर ला रहे थे।
चरवाहों ने बताया कि वे जाल समेत नदी के किनारे कोई भारी वस्तु उलट रहे थे। उसने करीब में जाकर देखे तो चंदन की लाश थी। इसकी जानकारी गांव में पहुंची तो मौके पर हजारों की संख्या में भीड़ जुट गई।
मौके पर पुलिस पहुंची तो लोगों ने लाश उठाने से रोक दिया। आरोप लगाया कि पुलिस रात में सक्रिय हुई होती तो शायद युवक की जान बच जाती।
बाद में पहुंचे सीओ सिटी अभिषेक सिंह के समझाने बुझाने पर लोगों ने लाश को उठाने दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर गौराबादशाहपुर थाने की पुलिस ने धर्मापुर घाट निवासी धनुष निषाद, अर्जुन निषाद करिया निषाद और एक
अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष सुबोध पवार ने कहा कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।