बदलापुर थाने की पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पुलिस ने चोरी की छह बाइक बरामद की है।
बरामद की गई बाइक जिले के अलावा आसपास के अन्य जनपदों से चुराई गईं थीं। सोमवार को एसपी भारत सिंह यादव ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि उनके निर्देश पर जिले भर में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के क्रम में बदलापुर थाने
के इंस्पेक्टर विवेक सिंह अपने हमराहियों के साथ रविवार की रात करीब आठ बजे शाहपुर पीली नदी के आगे दुगौली कला तिराहे के पास पहुंचे थे। मोड़ के पास पहले से मौजूद बाइक सवार युवक पुलिस की गाड़ी देख भागने लगे। पीछा
कर पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया। उन्हें थाने लाकर पूछताछ की तो उनकी निशानदेही पर चोरी की कुल छह बाइक बरामद की गई। बरामद बाइक में से अधिकतर के चेसिस और इंजन नंबर को खुरच कर मिटाया गया है।
पकड़े गए आरोपियों में शुभम सिंह निवासी जूड़ापुर थाना सरपतहा, रवि कुमार प्रजापति निवासी ईशापुर थाना सरपतहा और प्रदीप बिंद निवासी ईशापुर थाना सरपतहा शामिल हैं।
शुभम के खिलाफ सुल्तानपुर के मोतीनगर थाने में भी बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज है। एसपी ने गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की है।