अस्पताल में तेजाब से जले बच्चों का इलाज कराता अभिषेक का परिवार।
नगर कोतवाली क्षेत्र के ताड़तला मोहल्ले में शुक्रवार की रात मामूली विवाद के बाद कुछ लोगों ने सीरियल देख रहे एक परिवार के लोगों पर तेजाब फेंक दिया। इससे दो मासूम समेत पांच लोग झुलस गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से बेहतर इलाज के लिए सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस मामले में चार लोगों के खिलाफ पीड़ित पक्ष के अभिषेक सेठ ने केस दर्ज कराया है। पुलिस ने दो आरोपियों छविनाथ और कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है। ताड़तला में अभिषेक सेठ का परिवार शुक्रवार की रात करीब 10 बजे टेलीविजन पर सीरियल देख रहे थे। इसी बीच सीरियल में किसी सीन को देख कर लोग हंस पड़े।
उसी दौरान बाहर से गुजर रही पड़ोसी महिला को लगा कि लोग उसे देख कर मजाक उड़ा रहे हैं। उसने अपने घर जाकर परिवार वालों को बताई। परिवार वाले लाठी डंडा लेकर आ गए। जहां दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच आरोपी पक्ष के लोगों ने मग में लाकर तेजाब फेंक दिया।
जिसमें अभिषेक सोनी (32) पुत्र अशोक, उनकी पुत्री अंशी (10), भाई नीरज सोनी की पत्नी गुड़िया (24), नीरज का पुत्र छोटू (2) और बहन डाली की नौ माह की पुत्री परी झुलस गई। तेजाब पड़ते ही पूरा परिवार चीखने चिल्लाने लगा। अफरातफरी मच गई। मोहल्ले के लोग भी जुट गए। लोगों ने आनन फानन में जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया।
जहां सुधार न होने पर प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना, सीओ आरपी सिंह यादव, इंस्पेक्टर रामभरोसे मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दो को दबोच लिया। अभिषेक ने चार लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारने पीटने, धमकी देने और तेजाब फेंकने का केस दर्ज कराया है।