मछलीशहर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के फत्तूपुर गांव में रविवार को सुबह करीब दस बजे पशुशाला की कच्ची दीवार ढहने से उसके मलबे में दबकर वृद्ध महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फत्तूपुर गांव निवास फुलरा देवी (55) पत्नी बासदेव पटेल दिन में करीब दस बजे बूंदाबादी शुरू हुई तो भैंस को पशुशाला में बांधने गई थी। पशुशाला में वह भैंस को खूंटे से बांध नहीं सकी थी तभी भैंस खींचकर भाग निकली। फुलरा देवी भैंस को हांकने के लिए पशुशाला में रखी गई लकड़ी निकाल रही थी तभी मिट्टी की दीवार भरभराकर ढह गई। जिससे वह मलबे में दब गई। आस पास के लोगों ने शोर मचाया तो गांव के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने मलबा हटाकर फुलरा देवी को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।