धर्मापुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गजना गांव में शनिवार की रात लगभग दस बजे कमरे में रखा रसोई गैस का सिलिंडर फट गया। विस्फोट से कमरे की छत उड़ गई और कमरे में मौजूद दो लोग घायल हो गए।
गजना गांव में सुजीत यादव उर्फ पुल्लूर (30) कमरे में सोया था और उसकी भांजी हर्षिता यादव (18) वहीं खाना खा रही थी। कमरे में पहले से ही 7-8 की संख्या में रसोई गैस सिलिंडर रखे थे। उसमें एक सिलेंडर अचानक विस्फोट कर गया, जिससे मौके पर सुजीत और हर्षिता गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट की आवाज सुनकर परिवार के लोग और गांव वाले पहुंच गए। परिजनों ने दोनों को जौनपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां पर दोनों का इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई। प्रभारी निरीक्षक गौराबादशाहपुर विजय कुमार चौरसिया का कहना है कि गैस सिलिंडर फटने की जानकारी नहीं है। यदि रिफलिंग की वजह से विस्फोट हुआ होगा तो कार्रवाई की जाएगी। पिछले महीने ही जौनपुर शहर के मतापुर में ऑक्सीजन गैस सिलिंडर फटने से पांच लोगों की मौत और चार लोग घायल हुए थे।
धर्मापुर। सुजीत यादव उर्फ पुल्लूर गौराबादशाहपुर के बिथार स्थित इंडेन गैस गोदाम पर काम भी करता है। ग्रामीणों का आरोप है कि अपने घर पर ही सिलिंडर रिफलिंग करके सप्लाई भी करता है। जब विस्फोट हुआ तो कमरे में सात सिलेंडर और रखे मिले। वैसे उसके परिवार वालों ने इस बात से इनकार किया है।