करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर बाजार के पास से रविवार को दोपहर करीब ढाई बाइक सवार बदमाशों ने दुकान के बाहर खेल रहे व्यापारी के छह वर्षीय बेटे का अपहरण कर लिया। बदमाश उसे लेकर जौनपुर की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने नाकेबंदी की लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका। बालक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
धौरइल गांव निवासी राहुल मिश्र की सिद्दीकपुर बाजार में थर्मोकोल का गिलास, दोना, पत्तल बनाने का कारखाना है। कारखाने के बाहर ही उनका शोरूम है। पास में ही किराए के मकान में उनका परिवार रहता है। रविवार को दोपहर करीब 2:30 बजे राहुल मिश्र अपने शो रूम में बैठे कुछ लोगों से बात कर रहे थे। उनका बेटा प्रांजल मिश्र (6) दुकान के बाहर सड़क किनारे खेल रहा था। इसी बीच शाहगंज की ओर से आए बइक सवार दो बदमाश रुके और बाइक के पीछे बैठा बदमाश बालक को उठाकर बाइक पर बैठा लिया। बालक को लेकर वे जौनपुर शहर की ओर फरार हो गए। घटना के करीब 10 मिनट बाद राहुल बेटे को खोजने लगे तो वह नहीं मिला। उन्होंने आस पास के लोगों से पूछताछ की तो किसी ने बताया कि दस मिनट पहले बाइक सवार दो लोग यहां रुके थे और बालक को बाइक पर बैठाकर जौनपुर की तरफ जाते देखा गया था। इतना सुनते ही राहुल मिश्र हैरान हो गए। उन्होंने फौरन पुलिस कंट्रोल और सरायख्वाजा थाने को सूचना दी। सारयख्वाजा थानाध्यक्ष रमेश यादव मौके पर पहुंचे। शहर में भी नाकेबंदी कराकर जांच पड़ताल की गई लेकिन न तो बदमाशों का पता चला और न ही बालक का। अपहृत बालक सिद्दीकपुर में आरजे सिटी नर्सरी स्कूल में एलकेजी का छात्र है। परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं। राहुल मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सीओ सदर विनय द्विवेदी का कहना है कि बालक का अपहरण करते किसी ने नहीं देखा है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया और जांच की जा रही है।